महिलाओं और छात्राओं को नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन की दी जानकारी

पाटन (उन्नाव)। नारी सशक्तीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत मंगलवार को थाना बिहार की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का नेतृत्व उप निरीक्षक रेखा दुबे एवं महिला कांस्टेबल पूनम राजपूत ने किया। टीम ने प्राथमिक विद्यालय सुमेरपुर में छात्र-छात्राओं से संवाद किया और मार्ग के किनारे आमजन से भी बातचीत कर नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।इस दौरान महिलाओं और छात्राओं को शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उन्हें सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं से अवगत कराया गया। टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 1090, 181, 112, 1076, 1930, 1098, 108 और 102 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से तत्काल मदद प्राप्त की जा सकती है।टीम प्रभारी रेखा दुबे ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाना है ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में स्वयं को सशक्त महसूस करें।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान की सराहना की।
