उन्नाव। जनपद में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु 1 नवम्बर 2025 को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक जनपद की सभी तहसीलों में एक साथ आयोजित होगा।
जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील पुरवा में किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी उन्नाव द्वारा की जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे और आमजन की शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।
इसी क्रम में तहसील बीघापुर में मुख्य विकास अधिकारी, तहसील सदर उन्नाव में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), तहसील सफीपुर में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), तथा तहसील बांगरमऊ और हसनगंज में संबंधित उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन होगा।
प्रशासन की ओर से जनसामान्य से अपील की गई है कि वे अपनी किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए निर्धारित तहसील में पहुंचकर संबंधित अधिकारियों को आवेदन पत्र दें ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण किया जा सके।
