उन्नाव। नए आपराधिक कानूनों के अधिक प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसामान्य में विधिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद उन्नाव में चल रहे 3 दिवसीय NCL जागरूकता अभियान 2.0 के अंतर्गत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को आईपीएसआर कॉलेज, सोहरामऊ में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी हसनगंज श्री अरविन्द कुमार चौरसिया ने छात्र-छात्राओं एवं कॉलेज स्टाफ को देश में लागू तीन नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) — की प्रमुख विशेषताओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन नए कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित और पीड़ित-केंद्रित बनाना है। अधिकारियों ने उपस्थित जनों को विशेष रूप से ‘शून्य एफआईआर’ (Zero FIR), E-FIR, समयबद्ध न्याय व्यवस्था, महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधान, नए अपराधों की परिभाषा, तथा फोरेंसिक विज्ञान और आधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग से संबंधित नई व्यवस्थाओं के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी नए कानूनों को लेकर अपने प्रश्न रखे, जिनका अधिकारियों ने संतोषजनक समाधान किया। पूरे आयोजन का उद्देश्य छात्रों में विधिक समझ और नागरिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना रहा।
