पाटन (उन्नाव)।कार्तिक पूर्णिमा मेले के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। शनिवार को अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गौड़, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, उपजिलाधिकारी बीघापुर रणवीर सिंह तथा क्षेत्राधिकारी मधुपनाथ मिश्रा ने थाना बारासगवर क्षेत्रान्तर्गत संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर, प्रमुख मार्गों, घाटों व पार्किंग स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण हेतु पर्याप्त बल तैनात करने तथा किसी भी स्थिति में अव्यवस्था न होने देने के निर्देश दिए। एडीएम ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था व यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह ने कहा कि मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह या अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी रणवीर सिंह व क्षेत्राधिकारी मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि मेले में स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन दल, नगर पंचायत व राजस्व विभाग की टीमें भी सक्रिय रहेंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासनिक अधिकारियों की यह संयुक्त गश्त आगामी पर्वों के दौरान भी निरंतर जारी रहेगी।
