उन्नाव। बारा सगवर थाना क्षेत्र के ऊंचगांव बाजार में बीते शनिवार रात बाजपेयी ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने ऑपरेशन “लंगड़ा अभियान” के तहत मुठभेड़ के दौरान दो आरोपित चोरों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में —
1️⃣ इमाद कुरैशी पुत्र महताब कुरैशी, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी जाजमऊ थाना गंगाघाट जनपद उन्नाव
2️⃣ एकलव्य उर्फ अमन निषाद पुत्र अजय मोहन निषाद, उम्र लगभग 23 वर्ष, निवासी सिद्धनाथ घाट थाना जाजमऊ जनपद कानपुर नगर — शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दोनों अभियुक्तों के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उनका एक तीसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
मौके से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, तथा 25/26 अक्टूबर 2025 की रात को ऊंचगांव स्थित बाजपेयी ज्वैलर्स की दुकान से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और ₹4400 नगद बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीम फरार तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
