मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत वन स्टॉप सेंटर व चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने दी उपयोगी जानकारी
सह-संपादक/जितेंद्र सोनकर
उन्नाव। शारदीय नवरात्र के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, सम्मान व स्वावलम्बन को सशक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में जागरूकता अभियान जारी है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि निदेशालय महिला कल्याण, उत्तर प्रदेश लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुसार, सोमवार को “जागरूकता चौपाल” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस क्रम में वन स्टॉप सेंटर की टीम ने विकास खंड सिकंदरपुर सरोसी के ग्राम करोवन में तथा चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने एस.एच. इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, ईधनीमऊ चौराहा, सफीपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को घरेलू हिंसा, दहेज उन्मूलन, आत्मरक्षा, स्वावलंबन तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें विषम परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने हेतु विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 आदि की जानकारी दी गई। साथ ही #Ananta #MissionShakti के तहत महिला कल्याण विभाग की योजनाओं — वन स्टॉप सेंटर योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बाल सेवा योजना आदि की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि लड़की की विवाह योग्य आयु 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है, इससे कम उम्र में किया गया विवाह अमान्य माना जाएगा। यदि कहीं ऐसी घटना होती है, तो इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबरों या ऑनलाइन शी पोर्टल के माध्यम से दी जा सकती है।
कार्यक्रम में एस.एच. इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, वन स्टॉप सेंटर व चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सदस्य, ग्राम प्रतिनिधि और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
