पुरवा (उन्नाव)।कोतवाली पुरवा में सोमवार को क्षेत्राधिकारी पुरवा द्वारा सलामी गार्ड से सलामी लेने के पश्चात वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ यादव, समस्त उपनिरीक्षकगण एवं थाना स्टाफ मौजूद रहे।
क्षेत्राधिकारी ने निरीक्षण के दौरान शस्त्रों, सरकारी संपत्ति तथा थाना कार्यालय के अभिलेखों व रजिस्टरों के रखरखाव की गहन जांच की। उन्होंने आईजीआरएस, साइबर सेल और महिला हेल्प डेस्क में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके साथ ही लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की गई तथा विवेचकों को शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। कार्यालय निरीक्षण के उपरांत क्षेत्राधिकारी ने बैरक की साफ-सफाई और व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
अंत में क्षेत्राधिकारी पुरवा ने प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ यादव व समस्त पुलिस बल के साथ कस्बा पुरवा में पैदल गश्त कर शांति एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को सतर्कता और जनसंपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
