मौरावां (उन्नाव)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए बक्सर घाट जा रहे तीन सगे भाइयों — अरुण लोधी, सचिन लोधी और छोटू लोधी — की बीते 4 नवंबर को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद मंगलवार को उन्नाव सांसद साक्षी महाराज बखतखेड़ा अकोहरी गांव पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
सांसद ने परिवार की मदद के लिए 1.50 लाख रुपये की व्यक्तिगत आर्थिक सहायता दी। इसके साथ ही सरकार की ओर से मृतक परिवारों को 5-5 लाख रुपये के सहायता चेक भी प्रदान किए। उन्होंने मृतक अरुण लोधी की पत्नी क्षमा को ₹30,000 की आकस्मिक सहायता राशि, अंत्योदय राशन कार्ड, आवास और पेंशन के प्रमाण पत्र सौंपे। साथ ही, क्षमा के होने वाले बच्चे के पालन-पोषण हेतु समाज कल्याण विभाग से प्रतिमाह ₹4,000 की सहायता दिलाने की घोषणा की।
इसके अतिरिक्त, साक्षी महाराज ने मृतक की मां गंगावती देवी को एक बीघा कृषि भूमि का पट्टा और आवास के कागज दिए। उन्होंने अपनी सांसद निधि से परिवार के घर के पास हाईमास्ट लाइट लगवाने की घोषणा की। ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने मौरावां-अकोहरी रोड से बखतखेड़ा तक सड़क निर्माण कराने का भी आश्वासन दिया, यह मार्ग अब तक किसी भी जनप्रतिनिधि की नजर से अछूता रहा था।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर कि विधायक अनिल सिंह ने मृतक परिवार को तीन बीघा जमीन का पट्टा देने की घोषणा की थी, क्या यह उसी का हिस्सा है, इस पर सांसद ने स्पष्ट किया कि “यह एक बीघा जमीन अलग से दी गई है। विधायक जी की घोषणा अलग है। वे धैर्यवान और जनसेवक हैं, अपने वचन के पक्के हैं।”
इस दौरान एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी संतोष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी पुरवा तेज बहादुर सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी, सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह नंदू, मौरावां नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर विवेक सेठ, प्रेम शंकर लोधी, मनोज कुमार चौरसिया, रामबाबू लोधी, अवधेश सिंह, संतोष शुक्ला, शुभम चौधरी, रवि शंकर रावत सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
