मुंबई। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों पर अब उनके परिवार की ओर से बयान सामने आया है। परिवार ने साफ किया है कि धर्मेंद्र बिल्कुल सुरक्षित हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
अभिनेता सनी देओल की टीम ने बताया कि धर्मेंद्र की हालत स्थिर है और वह धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। टीम ने सभी से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और झूठी खबरें फैलाने से बचें।
धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर बीती रात से कई भ्रामक पोस्ट वायरल हो रही थीं, जिनमें उनके निधन की झूठी जानकारी दी गई थी। बाद में परिवार ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने भी सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों की निंदा की। उन्होंने लिखा, “किसी भी व्यक्ति के बारे में इस तरह की झूठी खबरें फैलाना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। कृपया हमारे परिवार की निजता का सम्मान करें।”
वहीं धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल ने भी पोस्ट कर बताया कि उनके पिता स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की देखरेख में हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सिर्फ सही जानकारी पर भरोसा करें और अभिनेता की जल्द स्वस्थ होने की कामना करें।
