मुंबई। भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित युद्ध फिल्म ‘बॉर्डर’ की विरासत एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने को तैयार है। हाल ही में ‘बॉर्डर 2’ का बहुप्रतीक्षित नया गाना रिलीज किया गया, जिसने न केवल दर्शकों की पुरानी यादें ताजा कर दीं, बल्कि अभिनेता सुनील शेट्टी को भी भावुक कर दिया। इस फिल्म की खास बात यह है कि सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी इस बार अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं।
‘ऐ जाते हुए लम्हों’ की यादें हुईं ताजा
सालों पहले आई ‘बॉर्डर’ में ‘ऐ जाते हुए लम्हों’ गाना सुनील शेट्टी (भैरव सिंह) पर फिल्माया गया था, जो आज भी विदाई और देशभक्ति का सबसे मार्मिक गीत माना जाता है। ‘बॉर्डर 2’ का यह नया गाना उसी भावनात्मक विरासत को आगे बढ़ाता है। गाने के लॉन्च के मौके पर सुनील शेट्टी अपने आंसू नहीं रोक पाए। उन्होंने कहा:
”पहली फिल्म में यह गाना मेरे लिए था, जो आइकॉनिक बन गया। आज उसी कहानी और उन्हीं जज्बातों के साथ मेरा बेटा इस फिल्म का हिस्सा है। यह मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।”
हिंदी सिनेमा में पहली बार ‘नेवल ऑफिसर’ का अनूठा किरदार
सुनील शेट्टी ने फिल्म की प्रशंसा करते हुए बताया कि हिंदी सिनेमा में शायद पहली बार इस तरह के युद्ध परिदृश्य में एक नेवल ऑफिसर (नौसेना अधिकारी) के किरदार को इतनी गहराई से दिखाया जा रहा है। उन्होंने मेकर्स की तारीफ करते हुए कहा कि गाने के ओरिजिनल बोलों के साथ छेड़छाड़ नहीं की गई है, जिससे पुरानी रूह और नई पीढ़ी का बेहतरीन तालमेल नजर आ रहा है।
स्टार किड्स और संघर्ष पर बोले अन्ना
अहान शेट्टी के फिल्म में चयन को लेकर सुनील शेट्टी ने दोटूक कहा कि लोगों को लगता है कि स्टार किड्स को काम आसानी से मिल जाता है, लेकिन असल में पहचान अपनी मेहनत से ही बनानी पड़ती है। उन्होंने याद किया कि कैसे जेपी दत्ता ने उन्हें ‘बॉर्डर’ के लिए चुना था और अब निधि दत्ता व भूषण कुमार ने अहान पर भरोसा जताया है।
संगीत पक्ष: विशाल मिश्रा की आवाज और मिथुन का संगीत
जहाँ ओरिजिनल गाने को अनु मलिक ने कंपोज किया था और रूप कुमार राठौर ने आवाज दी थी, वहीं ‘बॉर्डर 2’ के इस नए वर्जन को मशहूर गायक वि विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज से सजाया है और संगीत मिथुन ने तैयार किया है।
सनी देओल और वरुण धवन स्टारर ‘बॉर्डर 2’ लंबे समय से चर्चा में है और इस गाने ने फिल्म के प्रति उत्सुकता को दोगुना कर दिया है।
