उन्नाव। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किश्त से पहले जिले के हजारों किसान संकट में हैं। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनपद के करीब 2 लाख 55 हजार 223 किसानों ने अब तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है। ऐसे किसानों को नवंबर माह में आने वाली अगली किश्त का लाभ नहीं मिल पाएगा।
जिले में कुल 5 लाख 54 हजार 998 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 5 लाख 35 हजार 627 किसान योजना के लाभार्थी हैं। इनमें से केवल 2 लाख 80 हजार 404 किसानों ने अब तक रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी की है। वहीं, शेष किसानों ने इसमें कोई रुचि नहीं दिखाई है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हुई है, उन्हें 21वीं किश्त का भुगतान नहीं मिलेगा। विभाग ने ऐसे किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र नजदीकी जन सेवा केंद्र जाकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करें।
उप कृषि निदेशक रविचंद्र प्रकाश ने बताया कि नवंबर माह में 21वीं किश्त जारी की जा सकती है। उन्होंने कहा — “जो किसान समय पर फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराएंगे, वे स्वयं किश्त न मिलने के जिम्मेदार होंगे।”
कृषि विभाग द्वारा कई बार कैंप लगाकर किसानों को रजिस्ट्री का अवसर दिया गया है, लेकिन अब तक सिर्फ 47.75 प्रतिशत किसान ही प्रक्रिया पूरी कर पाए हैं।
👉 कृषि विभाग की अपील: सभी किसान जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सुनिश्चित करे
