उन्नाव। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, लखनऊ द्वारा संचालित टूलकिट वितरण योजना के अंतर्गत जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, उन्नाव द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद के 10 पात्र कारीगरों को नि:शुल्क पाॅपकाॅर्न मेकिंग मशीनें वितरित की जाएंगी।
कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत भुर्जी समाज के पारंपरिक कारीगरों एवं पाॅपकाॅर्न उद्योग में रुचि रखने वाले आवेदकों से आवेदन प्राप्त किए गए थे। चयन समिति द्वारा पात्र लाभार्थियों के चयन हेतु साक्षात्कार की तिथि में संशोधन किया गया है।
अब साक्षात्कार 14 नवम्बर 2025 को प्रातः 11:00 बजे जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, उन्नाव में आयोजित किया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि सभी आवेदकों को निर्देशित किया जाता है कि वे निर्धारित तिथि व समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। अनुपस्थित रहने की स्थिति में आवेदन स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित आवेदक की होगी।
