पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने मंगलवार को विस्तृत समीक्षा बैठक की। यह बैठक पटना स्थित एक पोलो रोड स्थित पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के आवास पर करीब चार घंटे तक चली।
बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने चुनावी रणनीति, हार के कारणों और आगे की राजनीतिक दिशा पर विस्तृत चर्चा की। समीक्षा के बाद सर्वसम्मति से तेजस्वी यादव को विधायक दल का नेता चुना गया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि तेजस्वी अब विधानसभा में पार्टी का नेतृत्व करेंगे।
EVM दुरुपयोग और चुनावी गड़बड़ी का आरोप
बैठक के दौरान कई विधायकों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। विधायक आलोक मेहता ने कहा कि कई क्षेत्रों में “चुनावी गड़बड़ी” की शिकायतें मिलीं, जिसके चलते अप्रत्याशित परिणाम सामने आए।
जगदानंद सिंह ने आरोप लगाया कि “मशीनों का दुरुपयोग किया गया है और जनता के साथ न्याय नहीं हुआ।”
कोर्ट जाने पर भी चर्चा
राजद नेता रामानुज यादव ने बताया कि सभी नेताओं से रिपोर्ट कार्ड लेकर समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम को लेकर कोर्ट में याचिका दायर करने पर भी गंभीर चर्चा हुई और इस संबंध में महागठबंधन के सहयोगी दलों की राय ली जाएगी।
लालू परिवार की मौजूदगी से बढ़ी बैठक की अहमियत
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, और राज्यसभा सांसद मीसा भारती बैठक में मौजूद थे। इनके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, बाहुबली नेता सूरजभान सिंह, विधायक भाई वीरेंद्र और कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
राजद की ओर से इस चुनाव में मात्र 25 उम्मीदवार ही जीत दर्ज कर पाए, जिसके बाद पार्टी रणनीति मजबूत करने और संगठनात्मक बदलाव पर जोर दे रही है।
