हनुमत विराट महायज्ञ में पहुंचे मुख्यमंत्री, बाराबंकी को विकास प्राधिकरण देने का ऐलान
बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दशम श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्रीरामार्चा पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर स्पष्ट संदेश दिया कि उत्तर प्रदेश अब कानून, अनुशासन और विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में अराजकता फैलाने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। कानून का पालन करने से ही प्रदेश और समाज आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने यज्ञ मंडप में आहुति अर्पित कर संत बलराम दास से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर अयोध्या सहित विभिन्न जिलों के संत-महंत, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का वातावरण स्थापित हुआ है। मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर रहा है, जिसका सीधा लाभ विकास कार्यों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में तेजी से शामिल हो रहा है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सनातन संस्कृति की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि भारत की आत्मा उसकी सांस्कृतिक विरासत में बसती है। उन्होंने समाज को एकजुट रहकर सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने और समाज को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में एक करोड़ से अधिक परिवारों को पेंशन दी जा रही है, जबकि 15 से 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे गरीबों को बेहतर इलाज मिल रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाराबंकी को विकास प्राधिकरण देने की घोषणा करते हुए इसे जिले के समग्र विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम में 79 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी संपन्न हुआ, जिन्हें मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम में गोंडा, बलरामपुर, सुल्तानपुर, श्रावस्ती और बहराइच समेत कई जिलों से श्रद्धालु पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग को साथ लेकर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री सुरेश राही, अवनीश सिंह पटेल, राज्य मंत्री सतीशचंद्र शर्मा, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, अयोध्या मंडल आयुक्त राजेश कुमार, आईजी अयोध्या सोमेन वर्मा, एडीजी लखनऊ प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
