पाटन/उन्नाव। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर में बुधवार को परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत नसबंदी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व सर्जन डॉ. अखिलेश विक्रम सिंह ने किया। सुबह से ही केंद्र पर महिलाओं के आने का क्रम शुरू हो गया था। कुल 12 महिलाओं ने शिविर में पंजीकरण कराया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सबसे पहले सभी महिलाओं की अनिवार्य स्वास्थ्य जांच की, जिसमें ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन सहित अन्य जरूरी परीक्षण शामिल थे। जांच रिपोर्ट सामान्य आने के बाद डॉक्टरों की टीम ने पूरी सावधानी और चिकित्सीय मानकों का पालन करते हुए सभी 12 महिलाओं की नसबंदी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कराई।
ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक महिला को दर्द निवारक दवाओं, एंटीबायोटिक और अन्य आवश्यक औषधियों की किट उपलब्ध कराई गई। चिकित्सा टीम ने महिलाओं को बताया कि ऑपरेशन के बाद कुछ दिनों तक आराम करना जरूरी है। किसी भी प्रकार की दर्द, असुविधा, बुखार या रक्तस्राव की स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई। स्टाफ ने घरेलू देखभाल एवं सावधानियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।
