Oplus_16908288
संवाददाता/शिवम सिंह
पाटन/उन्नाव। बिहार–खीरों मार्ग से कुतुबपुर संपर्क मार्ग पर नहर की पुलिया के पास हर घर जल, हर घर नल योजना के तहत मेघा कम्पनी द्वारा कुछ दिन पहले बिछाई गई पाइपलाइन अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन चुकी है। पाइप डालने के लिए रपरीवीर बाबा मंदिर के पास सड़क को गहराई तक खोद दिया गया था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद गड्ढे को भरना जरूरी नहीं समझा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बना यह गहरा गड्ढा लगातार धंसता जा रहा है। मोटरसाइकिल और साइकिल सवारों के साथ पैदल राहगीर भी आए दिन यहां फिसलकर घायल हो रहे हैं। बारिश और वाहनों के दबाव से खतरा बढ़ता ही जा रहा है।
लोगों का आरोप है कि ठेकेदारों ने पाइपलाइन डालकर सड़क को समतल करने की प्रक्रिया पूरी ही नहीं की। शिकायतों के बाद भी न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही समस्या का समाधान हुआ। इससे ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर बने इस खतरनाक गड्ढे को जल्द भरवाया जाए, ताकि हादसों पर रोक लग सके और रास्ता सुरक्षित हो सके।
