पाटन उन्नाव। पाटन-पुरवा मार्ग स्थित हुलासीखेड़ा के पास पक्की सड़क अचानक धंस जाने से मुख्य मार्ग के बीचोंबीच गहरा गड्ढा बन गया है। यह गड्ढा लगभग एक सप्ताह से पड़ा हुआ है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अचानक बने इस गड्ढे में मोटरसाइकिल व चारपहिया वाहन फंसकर गिर जा रहे हैं, जिसके चलते कई लोग घायल भी हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क धंसने की सूचना विभागीय अधिकारियों को कई बार दी गई, लेकिन अब तक किसी प्रकार की मरम्मत नहीं कराई गई है। बढ़ते खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने आपस में सहयोग कर गड्ढे में झाँखर खड़ा कर संकेत लगाया, ताकि वाहन चालक दूर से ही सतर्क हो सकें और कोई बड़ा हादसा न हो।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
