लखनऊ। बिहार विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित जीत के बाद उत्साहित उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। मौर्य ने कहा है कि “बिहार के बाद अब अगला नंबर ममता दीदी जी और फिर सपा बहादुर अखिलेश यादव का है।”
दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक दिन पहले भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग पर साजिश रचने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के नाम पर उन विधानसभा क्षेत्रों में 50 हजार से अधिक वोट काटने की तैयारी की जा रही है जहां 2024 लोकसभा चुनाव में सपा और इंडिया गठबंधन को जीत मिली थी।
इसी के जवाब में रविवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर संकेत दिया कि आने वाले चुनावों में पश्चिम बंगाल और उसके बाद उत्तर प्रदेश में महागठबंधन को पराजय का सामना करना पड़ेगा। मौर्य ने लिखा कि “बिहार चुनाव में गोता लगाते हुए राहुल गांधी ने तेजस्वी यादव को साथ लेकर महागठबंधन का भविष्य लिख दिया। अब अगला नंबर ममता दीदी जी और फिर सपा बहादुर अखिलेश यादव का है।”
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा–नीत राजग (NDA) ने दो-तिहाई बहुमत के साथ अप्रत्याशित जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर सपा द्वारा लगाए गए आरोपों ने राजनीतिक माहौल और गर्मा दिया है। अखिलेश यादव का दावा है कि उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भाजपा निर्वाचन आयोग के साथ मिलकर जीत सुनिश्चित करने की तैयारी में है।
