- मथुरा वृंदावन। रविवार को बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ ने हालात बिगाड़ दिए। भीड़ के तीव्र दबाव और अव्यवस्था के बीच तीन महिलाएँ बेहोश हो गईं, जबकि कई श्रद्धालुओं को परेशान होकर बिना दर्शन ही वापस लौटना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, हरियाणा के रेवाड़ी जिले के पडला गांव की 56 वर्षीय पूनम देवी सुबह करीब 10:30 बजे गली नंबर-1 की लाइन में खड़ी थीं। अचानक बढ़ते भीड़ के दबाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ा और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। भीड़ इतनी अधिक थी कि सहायता पहुंचाना मुश्किल हो गया। सुरक्षा कर्मियों ने प्रयास कर दोपहर 12 बजे उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
इसी दौरान दिल्ली की 75 वर्षीय पूनम सिटी भी लगभग 11 बजे बीपी लो होने के कारण अचेत हो गईं। मौके पर मौजूद प्रभारी कर्मियों ने उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाकर उपचार कराया। वहीं नोएडा की 62 वर्षीय ऋतु की तबीयत भी अत्यधिक भीड़ के दबाव और घबराहट से बिगड़ गई।
सीएमएस डॉ. वंदना अग्रवाल ने बताया कि तीनों महिलाओं को हाइपरटेंशन, कमजोरी और भीड़ के तनाव के कारण समस्या हुई थी। सभी का इलाज कर स्थिर हालत में घर भेज दिया गया है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि लगातार बढ़ती भीड़ और व्यवस्थाओं की कमी के कारण हर सप्ताह ऐसी स्थिति बन रही है। कई लोगों ने प्रशासन से भीड़ प्रबंधन को सख्ती से लागू करने की मांग की है।
