उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर अचलगंज के आज़ाद मार्ग चौराहा शनिवार देर रात बड़े हादसे का कारण बन सकता था, जब पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा का काफिला भीषण जाम में फंस गया। रात करीब 11 बजे लखनऊ से कानपुर जाते समय उनका काफिला एक खराब ट्रक के कारण बने जाम में अटक गया।
सूत्रों के अनुसार, जाम खुलवाने के लिए एसपी जयप्रकाश सिंह व एएसपी अखिलेश सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु किया गया।
सड़क निर्माण और ट्रक खराब होने से बिगड़ा ट्रैफिक सिस्टम
त्रिभुवनखेड़ा के पास एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान बनाए जा रहे अंडरपास के चलते अचलगंज चौराहे का कट पहले बंद कर दिया गया था। स्थानीय मांग पर इसे दोबारा खोला गया, लेकिन शनिवार रात भारी भीड़ और ट्रक खराब होने से स्थिति अचानक बिगड़ गई।
हाइड्रा मशीन से ट्रक हटाने की कोशिश की गई, लेकिन हाइड्रा भी बीच में खराब हो जाने से जाम और बढ़ गया।
थानाध्यक्ष की लापरवाही पर कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, पूर्व डिप्टी सीएम का काफिला जाम में फंसने की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
हालांकि एसपी और एएसपी तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन अचलगंज थानाध्यक्ष राजेश पाठक समय से मौके पर नहीं पहुंचे, जिस पर एसपी ने नाराज़गी जताते हुए उन्हें हटाकर साइबर थाने में भेज दिया।
उनकी जगह साइबर थाना प्रभारी ब्रजेश शुक्ल को अचलगंज की कमान दी गई है।
वीआईपी मूवमेंट में लापरवाही उजागर
शनिवार रात वीआईपी मूवमेंट को लेकर पहले से निर्देश जारी थे कि किसी भी हालत में जाम न लगे।
इसके बावजूद अचलगंज थाना क्षेत्र में जाम लगने से पुलिस की व्यवस्थाएं सवालों में आ गईं।
रविवार को भी हाईवे पर निर्माण कार्य के कारण वाहनों का दबाव बना रहा और जगह-जगह रेंगती हुई लाइनें दिखाई दीं।
सड़क के दूसरे हिस्से में भी जाम की स्थिति
लखनऊ से कानपुर दिशा में सड़क निर्माण के चलते आधी लेन बंद रही। इससे वाहनों की गति अत्यंत धीमी हो गई और जाम बार-बार लगने लगा।
स्थिति सुधारने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की, जिसके बाद ही यातायात कुछ हद तक सामान्य हो सका।
अयोध्या कार्यक्रम के चलते भारी वाहनों का डायवर्जन, नई चुनौती
सूत्रों के मुताबिक, अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए भारी वाहनों को दही तिराहा और गदनखेड़ा चौराहा से डायवर्ट किया गया।
इस डायवर्जन के कारण यहां भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया और पुलिस को नई चुनौती का सामना करना पड़ा।
एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि डायवर्जन प्वाइंट्स पर 16 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है और जाम रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
