पाटन, उन्नाव।
बिहार थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्यवाही करते हुए आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत छापेमारी में 16 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे सघन अभियान का हिस्सा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश पर जनपद में अवैध मदिरा की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान तेज किया गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, संयुक्त आबकारी आयुक्त लखनऊ जोन एवं उप आबकारी आयुक्त लखनऊ प्रभार के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
अभियान के तहत क्षेत्र-5 बीघापुर की आबकारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह ने हमराह बल और स्थानीय पुलिस के साथ ग्राम अकवारा एवं पतारी में छापेमारी की। दबिश के दौरान 16 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई और मौके से अकवारा निवासी डब्बू पुत्र स्वर्गीय चंद्रिका को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना बिहार में आबकारी अधिनियम के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।
विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
