पाटन, उन्नाव। तहसील क्षेत्र के गांव खरझारा निवासी ललिता सिंह पत्नी मुकेश ने बिहार थाने में टन्डसपुर निवासी जितेंद्र प्रताप सिंह पुत्र राम अवतार सहित तीन लोगों के खिलाफ जमीन की रजिस्ट्री में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
पीड़िता ललिता सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने 28 अप्रैल 2022 को टन्डसपुर गांव में जमीन खरीदी थी। भूमि के सह-खातेदार जितेंद्र प्रताप ने अपने साथियों ओम नारायण पुत्र राम अवतार तथा सुरेंद्र बहादुर पुत्र रामनरेश के साथ मिलकर छलपूर्वक गलत अभिलेखों का सहारा लेते हुए उसकी भूमि की चौहद्दी बदल दी।
आरोप है कि तीनों ने 27 मार्च 2024 को पीड़िता के हिस्से की भूमि की रजिस्ट्री स्मिता वीरेंद्र पत्नी सत्येंद्र निवासी टन्डसपुर के नाम करा दी, जबकि इस मामले में तहसीलदार पहले ही नामांतरण प्रार्थना पत्र निरस्त कर चुके थे। इसके बावजूद आरोपी जितेंद्र प्रताप सिंह अभी भी पीड़िता की गाटा संख्या पर कब्जा किए हुए हैं।
थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
