संवाददाता/बीघापुर, उन्नाव
पाटन, उन्नाव। विकास खंड सुमेरपुर के ग्राम पंचायत कुंदनपुर में पंचायत भवन तक जाने वाला खड़ंजा मार्ग पूरी तरह से जर्जर होकर टूट चुका है, जिसके कारण ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है। इसके साथ ही पंचायत भवन में शौचालय और पेयजल की सुविधा न होने से लोगों को दुगुनी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बिहार–पोरई संपर्क मार्ग से निकलने वाला यह खड़ंजा मार्ग लगभग एक दशक पूर्व बनाया गया था, लेकिन समय के साथ इसकी हालत खराब होती गई और अब यह जगह-जगह बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुका है। खासकर बारिश के दौरान यह मार्ग पूरी तरह चलने लायक नहीं रह जाता।
गांव के अजय बाजपेयी सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि खड़ंजा के पुनर्निर्माण के लिए वे कई बार शिकायतें कर चुके हैं। खंड विकास अधिकारी सुमेरपुर से लेकर तहसील दिवस में भी अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के चलते आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पंचायत भवन में शौचालय और पेयजल की व्यवस्था आज तक नहीं की गई, जिसके कारण सरकारी बैठकों, ग्राम सभाओं और दैनिक कार्यों में लोगों को असुविधा उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों ने शासन–प्रशासन से मांग की है कि
1️⃣ खड़ंजा मार्ग का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए,
2️⃣ पंचायत भवन में शौचालय और पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जाए,
ताकि गांव की मूलभूत जरूरतें पूरी हो सकें और लोगों को राहत मिल सके।
