उन्नाव। जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए उन्नाव पुलिस ने सघन सत्यापन अभियान और तेज कर दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस टीमें लगातार दबिश देकर लोगों की पहचान, दस्तावेज और पते का मिलान कर रही हैं।
मंगलवार को सदर कोतवाली, बिहार थाना क्षेत्र, माखी तथा दही इलाके में बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और बाहरी मजदूरों की गहन जांच की गई। दर्जनों लोगों से आधार कार्ड, पहचान पत्र, किरायानामा और अन्य दस्तावेज मांगे गए।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में खुफिया इकाई और थाना पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार तलाशी और जांच अभियान चला रही हैं। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर शीघ्र कार्रवाई के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।
जिन व्यक्तियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए हैं, उनके बारे में अतिरिक्त जानकारी एकत्र की जा रही है। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। औद्योगिक क्षेत्रों में सभी मजदूरों व बाहरी कामगारों का अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं। मकान मालिकों को भी चेतावनी जारी की गई है कि बिना वैध दस्तावेज किसी को कमरा न दें।
अभियान की समीक्षा करते हुए एएसपी अखिलेश सिंह ने कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या संदिग्ध मूवमेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
उन्नाव पुलिस का यह सघन सत्यापन अभियान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
