उन्नाव। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में जनपद उन्नाव के तहसील बीघापुर अंतर्गत विकास खंड सुमेरपुर में 17 दिसंबर 2025, बुधवार को एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन मध्याह्न 12:30 बजे से विकास खंड सभागार, सुमेरपुर में किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस जागरूकता कार्यक्रम में संबंधित ब्लॉक क्षेत्र के गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले शिक्षित बेरोजगार महिला एवं पुरुष प्रतिभाग कर सकते हैं। शिविर के दौरान स्वरोजगार हेतु उद्योग स्थापित करने, ऋण, अनुदान तथा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों से यह भी जाना जाएगा कि वे किस प्रकार का उद्योग स्थापित करना चाहते हैं, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही सभी पात्र बेरोजगार अभ्यर्थियों का पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण भी कराया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि व समय पर विकास खंड सभागार, सुमेरपुर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करें, ताकि खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया जा सके।
