विधायक आशुतोष शुक्ला ने वितरित किए आवास व बोरिंग प्रमाण पत्र, गरीबों को मिला स्थायी आशियाना
पाटन, उन्नाव।विकासखंड सुमेरपुर के सभागार में सोमवार को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक भव्य वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक आशुतोष शुक्ला ने 256 पात्र लाभार्थियों को आवास प्रमाण पत्र वितरित किए, वहीं 9 लाभार्थियों को बोरिंग संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित होकर बेघर हुए 69 लोगों, निराश्रित श्रेणी के 120 लाभार्थियों और 67 दिव्यांगजनों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया। इसके अतिरिक्त पेयजल सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बोरिंग मद में 5 लाभार्थियों को उथली बोरिंग तथा 4 लाभार्थियों को डीजल पंप से संबंधित प्रमाण पत्र सौंपे गए।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक आशुतोष शुक्ला ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी गरीब, असहाय और बेसहारा परिवार बिना छत के न रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को उन्होंने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
विधायक ने लाभार्थियों से योजनाओं का सही उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार की मंशा केवल मकान देना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। कार्यक्रम का संचालन पवन मौर्य ने किया।
इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि योगेश बाजपेयी, बैजनाथ सिंह, खंड विकास अधिकारी पंकज गौतम, आशीष अवस्थी, अभिषेक वर्मा, राजा बाबू, नीरज सिंह, के.पी. वर्मा, दिलीप कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
