उन्नाव।जनपद में बढ़ती शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी उन्नाव ने पुलिस अधीक्षक उन्नाव के साथ नगर क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों एवं अलाव व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद उन्नाव भी मौके पर मौजूद रहे।
निरीक्षण के समय हनुमान मंदिर के पास मिले 10 असहाय एवं गरीब व्यक्तियों को जिलाधिकारी द्वारा कंबल वितरित किए गए। साथ ही उन्हें नगर पालिका परिषद उन्नाव के अंतर्गत संचालित रैन बसेरों में ठहरने की जानकारी दी गई और खुले आसमान के नीचे न सोने की अपील की गई।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद उन्नाव को निर्देश दिए कि एक अतिरिक्त वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी रैन बसेरे के पूर्ण होने की स्थिति में आने वाले व्यक्तियों को तत्काल दूसरे रैन बसेरे में भेजा जा सके। इसके साथ ही उपस्थित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर पर्याप्त अलाव जलवाने तथा गरीब व असहाय व्यक्तियों को कंबल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में कोई भी व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो और खुले आसमान के नीचे सोता हुआ न पाया जाए। प्रशासन द्वारा शीतलहर से बचाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार की जा रही हैं।
