पाटन उन्नाव।बारा सगवर थाना क्षेत्र के ऊंचगांव गांव में बुधवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गांव निवासी संतोष द्विवेदी (55) पुत्र रामशंकर का शव घर से लगभग 300 मीटर दूर, गांव के किनारे पंचायत भवन के पीछे स्थित तालाब के पास पड़ा मिला।
परिजनों के अनुसार संतोष द्विवेदी बीते 1 दिसंबर को घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रिश्तेदारों व आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। बुधवार दोपहर खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने तालाब के पास शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना परिजनों को दी गई।
सूचना मिलते ही मृतक की बहू नीलू द्विवेदी ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष ने पुलिस टीम के साथ शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक गांव में खेती-बाड़ी का कार्य करता था और वह अक्सर घर से एक–एक पखवाड़े तक गायब रहता था।
मृतक के परिवार में पत्नी विमला देवी, एक विवाहित पुत्र अनूप, बहू नीलू द्विवेदी, एक अविवाहित पुत्र नवीन तथा दो विवाहित पुत्रियां बबली और प्रियंका हैं। घटना के बाद पत्नी विमला देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दोनों पुत्र मुंबई में निजी नौकरी करते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है और वे गांव के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
