Oplus_16908288
संवाददाता-मनोज शर्मा ,लखनऊ
लखनऊ।अमराई गांव स्थित एसबीएम पब्लिक स्कूल में क्रिसमस पर्व बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, सितारों और आकर्षक क्रिसमस ट्री से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंच संचालक अजीत कुमार सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि श्री बाबू सिंह सिसोदिया, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी एवं गोमती नगर विकास समिति के अध्यक्ष का स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यालय के निदेशक श्री आर. सी. मिश्रा, प्रधानाचार्य सरित घोष, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 7 की छात्रा शिवांगी यादव ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए क्रिसमस पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रभु यीशु मसीह के प्रेम, शांति और भाईचारे के संदेश को प्रेरक शब्दों में सभी के समक्ष रखा। इसके पश्चात विद्यालय के निदेशक श्री आर. सी. मिश्रा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
मुख्य अतिथि श्री बाबू सिंह सिसोदिया ने अपने उद्बोधन में विद्यालय द्वारा शिक्षा और संस्कारों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों से समाज सेवा, करुणा और आपसी सद्भाव को अपनाने का आह्वान किया।
इसके उपरांत प्री-प्राइमरी से लेकर सीनियर कक्षाओं तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नैटिविटी प्ले रहा, जिसमें प्रभु यीशु मसीह के जन्म की पावन कथा को भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
समापन अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी गईं। इस आयोजन ने विद्यालय परिसर में प्रेम, शांति और उल्लास का संदेश फैलाया तथा सभी के लिए यह कार्यक्रम स्मरणीय बन गया।
