उन्नाव। उन्नाव से सांसद स्वामी साक्षी महाराज के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने उस समय और भी भव्य रूप ले लिया, जब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य स्वयं उन्नाव स्थित अरोड़ा रिसॉर्ट पहुंचे। उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी से न केवल कार्यक्रम का कद बढ़ा, बल्कि जिले की राजनीतिक फिजा में भी खास हलचल देखने को मिली।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सांसद साक्षी महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सक्रिय सार्वजनिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि स्वामी साक्षी महाराज जनसेवा, राष्ट्रवाद और संगठनात्मक मजबूती के प्रतीक हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में उनका योगदान सराहनीय है।
कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता के पुत्र प्रखर गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि प्रदीप सिंह, पवन सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सांसद साक्षी महाराज को शाल, पटिका और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने कहा कि साक्षी महाराज के नेतृत्व में उन्नाव जनपद निरंतर विकास की दिशा में अग्रसर है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों में जिले को नई पहचान मिली है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद साक्षी महाराज ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे आगे भी पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ जनसेवा में जुटे रहेंगे।
उपमुख्यमंत्री के आगमन से आयोजन पूरी तरह राजनीतिक और सामाजिक शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया। अरोड़ा रिसॉर्ट में दिनभर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और माहौल उत्सवपूर्ण बना रहा।
