खाद्य प्रसंस्करण यूनिट से महिलाओं को रोजगार, पात्रों को मिलेगा आवास योजना का लाभ
उन्नाव।
उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश केशव प्रसाद मौर्य ने निरीक्षण भवन उन्नाव में विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना में पात्र लाभार्थियों को शामिल करने, दिव्यांग व विधवा महिलाओं को प्राथमिकता देने तथा पंचायत से जुड़े कार्यों के भुगतान समय से कराने के निर्देश दिए।
बैठक में एनआरएलएम के अंतर्गत स्थापित टीएचआर प्लांटों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में पांच टीएचआर प्लांट प्रस्तावित हैं, जिनमें से एक में सोलर पैनल लगाया जा चुका है। उपमुख्यमंत्री ने खाद्य प्रसंस्करण की बड़ी यूनिट स्थापित कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ने के निर्देश दिए, जिससे महिलाओं को रोजगार और स्वावलंबन का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों पर सरकार द्वारा भारी सब्सिडी दी जा रही है।
उपमुख्यमंत्री ने हर घर जल योजना की प्रगति सुधारने, चकरोड पैमाइश से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा ग्राम चौपालों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने को कहा। ग्राम चौपाल का रोस्टर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही रेलवे क्रॉसिंग मरहला (सरैया) को खोलने के संबंध में जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
वीबी–जी राम जी अधिनियम ग्रामीण भारत के लिए बड़ा कदम
समीक्षा बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) – वीबी जी राम जी अधिनियम 2025 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है। अब कार्यों की योजना ग्राम सभा में तय होगी और समय पर काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अधिनियम में श्रमिकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, जीआईएस तकनीक, साप्ताहिक भुगतान और सार्वजनिक सूचना प्रकटीकरण की व्यवस्था की गई है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। यह अधिनियम गांव, गरीब और श्रमिकों के जीवन में निर्णायक बदलाव लाएगा और ग्रामीण भारत को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगा।
दिव्यांगजनों को मिला सहारा
कार्यक्रम से पूर्व दिव्यांग कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।

बैठक में सदर विधायक पंकज गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष अनुराग अवस्थी, पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, जिला विकास अधिकारी देवी चतुर्वेदी, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
