उन्नाव। तहसील पुरवा से चंद कदम की दूरी पर बना यात्री प्रतीक्षालय इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। वर्षों से साफ-सफाई न होने के कारण यह प्रतीक्षालय यात्रियों की सुविधा के बजाय कूड़ा-कचरा और कबाड़ जमा करने का अड्डा बन चुका है। चारों ओर फैली गंदगी और दुर्गंध के कारण यहां रुकना तो दूर, खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसी रास्ते से प्रतिदिन कई अधिकारी और कर्मचारी बस पकड़ने के लिए गुजरते हैं, लेकिन किसी का भी ध्यान इस बदहाल प्रतीक्षालय की ओर नहीं जाता। वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत पुरवा स्वच्छता को लेकर लगातार दावे करता नजर आता है। नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित यह यात्री प्रतीक्षालय स्वच्छ भारत अभियान और स्वच्छता के दावों की हकीकत उजागर कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रतीक्षालय की सफाई कराकर उसकी मरम्मत कर दी जाए तो यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण यह प्रतीक्षालय सरकार की योजनाओं को पलीता लगा रहा है। लोगों ने नगर पंचायत और प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व व्यवस्था सुधार की मांग की है, ताकि यात्रियों को बुनियादी सुविधा मिल सके।
