लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी 24 से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ की तैयारियों को लेकर बुधवार सुबह एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान, उपलब्धियों और संभावनाओं को जनसहयोग के साथ प्रदर्शित करने का एक सशक्त अवसर होना चाहिए। उन्होंने ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ को प्रदेश की आत्मा को प्रतिबिंबित करने वाले एक व्यापक ‘जनोत्सव’ के रूप में आयोजित करने पर जोर दिया।
अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि, राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होगा मुख्य समारोह
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस वर्ष आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए देश के माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। मुख्य समारोह राजधानी लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा ताकि पूरा प्रदेश एक साथ इस उत्सव से जुड़ सके।
मुख्य आकर्षण: ओडीओवी (एक जनपद-एक व्यंजन) और विशेष प्रदर्शनी
24 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रदेश के सभी जनपदों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष का उत्सव कई मायनों में खास होगा:
- थीम: इस बार का आयोजन ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर आधारित होगा।
- शिल्प मेला और प्रदर्शनी: आयोजन के दौरान एक भव्य शिल्प मेला और विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
- स्वाद का संगम: ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ODOV) इस उत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा, जहाँ यूपी के हर कोने का स्वाद एक ही जगह मिलेगा।
संस्कृति उत्सव 2025-26 का होगा समागम
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ‘संस्कृति उत्सव 2025-26’ के कार्यक्रमों को उत्तर प्रदेश दिवस के साथ प्रभावी रूप से जोड़ा जाए। ‘हमारी संस्कृति-हमारी पहचान’ की भावना के साथ लोक, शास्त्रीय और समकालीन कलाओं को एक साझा मंच प्रदान किया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि यूपी दिवस-2026 ऐसा आयोजन बने, जो प्रदेश की संस्कृति, शिल्प और विकास की दृष्टि को प्रस्तुत कर आगंतुकों के लिए प्रेरणादायी और गर्व का विषय बने।
