मेरठ | प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मेरठ के सलावा में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री जी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा आधुनिक खेल अवसंरचना के मानकों की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर मुख्यमंत्री जी द्वारा विश्वविद्यालय के ध्वज, अभिवादन वाक्य, विद्यार्थियों के परिधान एवं आधिकारिक प्रतीक चिन्ह का भी विधिवत अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह विश्वविद्यालय प्रदेश के खिलाड़ियों और युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने का सशक्त माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का यह प्रथम खेल विश्वविद्यालय प्रदेश को खेल उत्कृष्टता का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक स्टेडियम, प्रशिक्षण परिसर, छात्रावास, अकादमिक ब्लॉक तथा खेल विज्ञान से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण एवं संसाधन उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर प्रदेश के खिलाड़ियों को समर्पित किया जाए।
