उन्नाव असोहा में शिक्षक सम्मान समारोह में सत्यप्रकाश शुक्ल
असोहा (उन्नाव)। नववर्ष के पावन अवसर पर विकासखंड असोहा के बैगांव स्थित सरजू देवी माता प्रसाद इंटर कॉलेज में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुरवा के प्रतिष्ठित संतोष बुक डिपो के स्वामी एवं वरिष्ठ पत्रकार सत्यप्रकाश शुक्ल ने विद्यालय पहुंचकर गुरुजनों का अभिवादन किया तथा उन्हें डायरी व कैलेंडर भेंट कर सम्मानित किया।
शिक्षक समुदाय को संबोधित करते हुए सत्यप्रकाश शुक्ल ने कहा कि “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः” का मंत्र आज भी उतना ही प्रासंगिक है। समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि गुरु का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। स्वयं को जय गुरुदेव का परम सेवक बताते हुए श्री शुक्ल ने कहा कि विद्यालयों में जाकर अध्यापकों का सम्मान करना वह अपना धर्म मानते हैं।
सम्मान की श्रृंखला में सर्वप्रथम विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम को सम्मानित किया गया। इसके बाद वरिष्ठ लिपिक राकेश कुमार अवस्थी, श्रवण कुमार, कुलदीप मोहन त्रिवेदी, प्रदीप चंद्र, कृष्ण गोपाल द्विवेदी, उपप्रधानाचार्य हरिकृष्ण शुक्ल, कमल, कु. दिव्या एवं कु. अंजली को डायरी व कैलेंडर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में केवल शिक्षण स्टाफ ही नहीं, बल्कि विद्यालय की सुचारु व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें परिचारिका आशा विमल, वैकल्पिक परिचारक रामसहारे, चौकीदार शिवकुमार तथा स्वच्छकार राजकुमार उर्फ वकील शामिल रहे।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सत्यप्रकाश शुक्ल के इस आत्मीय और प्रेरणादायी कदम की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
