लखनऊ/सुलतानपुर। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF ने ट्रकों के इंजन और चेसिस नंबर में हेराफेरी कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोन व बीमा कराने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर वाले ट्रक, एक छोटा हाथी वाहन, तीन मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद की गई है।
STF अधिकारियों के अनुसार 23 जनवरी को टीम को सूचना मिली थी कि सुलतानपुर बायपास रोड स्थित एक गैराज में ट्रकों के नंबरों में अवैध रूप से छेड़छाड़ की जा रही है। सूचना के आधार पर STF ने मौके पर छापा मारकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच के दौरान पाया गया कि गैंग ट्रकों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर उन्हें वैध दिखाने का प्रयास कर रहा था।
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे डिफॉल्टेड लोन वाले पुराने ट्रकों को बेहद कम दामों में खरीदते थे। इसके बाद ट्रकों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर फर्जी आरसी, बीमा और अन्य दस्तावेज तैयार कराए जाते थे। नए दस्तावेजों के आधार पर ट्रकों पर दोबारा लोन और इंश्योरेंस कराया जाता था। कुछ समय बाद जानबूझकर किस्तें नहीं चुकाई जाती थीं और फिर वाहन चोरी का झूठा मामला दर्ज करा दिया जाता था।
इस तरीके से गैंग ने कई बैंकों और बीमा कंपनियों को लाखों रुपये का चूना लगाया है। STF को आशंका है कि इस गिरोह का नेटवर्क अन्य राज्यों तक फैला हुआ है और इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
मामले में थाना कोतवाली देहात, सुलतानपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और STF अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
