उन्नाव। निराला प्रेक्षा गृह में “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” की थीम पर 24 से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की उपाध्यक्षा विभा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर विधिवत उद्घाटन किया।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि द्वारा मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों से संबंधित प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी में मत्स्य, कृषि, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, चिकित्सा, जल निगम, उद्यान विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की गई।
कार्यक्रम में श्रीनाथजी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सरोसी के बच्चों ने ऑपरेशन सिंदूर तथा यूपीएस कटरी पीपर खेड़ा के विद्यार्थियों ने रश्मिरथी काव्य पाठ प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके अलावा सत्रोहन आल्हा दल के कलाकारों द्वारा वीर रस में आल्हा गायन की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की उपाध्यक्षा विभा सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश भगवान राम, कृष्ण और गौतम बुद्ध की धरती रही है। यह भूमि साहित्य, संस्कृति और ऐतिहासिक परंपराओं से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ने के उद्देश्य से वर्ष 2018 से उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जा रहा है।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने उपस्थित जनसमूह को उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की गौरवशाली गाथा रही है और यह प्रदेश कृषि, निवेश, तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अनेक क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रदेश के विकास में ईमानदारी से योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग केंद्र के लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई। साथ ही कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं बेसिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मत्स्य विभाग की योजनाओं के लाभार्थियों को अनुदान राशि, किसान क्रेडिट कार्ड और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर उन्नाव सांसद डॉ. सच्चिदानंद साक्षी महाराज ने भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया तथा आईसीडीएस विभाग के स्टॉल पर दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण भी उपस्थित अतिथियों और विद्यार्थियों ने देखा।
कार्यक्रम का संचालन विश्वनाथ तिवारी ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लाभार्थी और बड़ी संख्या में विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
