जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सफाई कर्मी के साथ किया संयुक्त ध्वजारोहण, दिया समानता का संदेश
उन्नाव। कलेक्ट्रेट परिसर उन्नाव में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरांग राठी ने की। इस अवसर पर उन्होंने एक अनूठी परंपरा अपनाते हुए कलेक्ट्रेट की सफाई कर्मचारी मंजू देवी के साथ संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया, जिससे सामाजिक समानता और सम्मान का संदेश दिया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रीय एकता से संबंधित संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया, जिसे उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोहराया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों व सफाई कर्मियों का सम्मान
कलेक्ट्रेट के पन्नालाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कलेक्ट्रेट कर्मचारियों को शाल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट में कार्यरत सफाई कर्मियों को माला पहनाकर और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
स्कूली बच्चों को किया गया सम्मानित
गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यालय के बच्चों को प्रतीक चिन्ह और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
संविधान और कर्तव्यों के पालन का आह्वान
पन्नालाल सभागार में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी को संविधान के प्रति आस्था बनाए रखनी चाहिए तथा उसमें निहित अधिकारों और मूल्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को देश में दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान लागू किया गया, जो आज हमारी प्रशासनिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है।
उन्होंने कहा कि संविधान हमें मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। जनपद का विकास होगा तभी देश का विकास होगा, इसके लिए सभी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणा है।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौर सिंह अरोड़ा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड़, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, उप जिलाधिकारी आनंद नायक, जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र सहित अन्य अधिकारी, कलेक्ट्रेट के सभी पटल कर्मचारी, विद्यालय के बच्चे एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
