उन्नाव/बैगांव। क्षेत्र के प्रमुख शिक्षण संस्थान सरजू देवी माता प्रसाद इंटर कॉलेज, बैगांव में देश का 77वां एवं विद्यालय का 34वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। देशभक्ति गीतों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक शिव प्रसाद, उनके अनुज जगदीश प्रसाद, ग्राम प्रधान बैगांव अनिल चौधरी एवं प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं कुशल संचालन उपप्रधानाचार्य हरिकृष्ण शुक्ल द्वारा किया गया, जबकि समारोह की अध्यक्षता बाबू कुरैशी ने की।
समारोह में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा खुशनुमा, प्रांशी एवं आंचल द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सरस्वती वंदना नृत्य से हुई। इसके पश्चात ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे देशभक्ति गीतों तथा रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित समूह नृत्य ने दर्शकों में जोश और उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध आल्हा गायिका नैना गौतम रहीं। उन्होंने प्रत्येक कक्षा के शीर्ष तीन छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन के लिए प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम एवं कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए उपप्रधानाचार्य हरिकृष्ण शुक्ल को डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि नैना गौतम को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।
समारोह में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें सोनेलाल (बेहटा), अलोपी प्रसाद गुप्ता, पूर्व प्रधान अशोक सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक रामखेलावन, बूथ अध्यक्ष नीलू, पूर्व प्रधान गंगाविशुन यादव, विनोद प्रकाश गुप्ता, प्रधान बबलू चौरसिया (तारागढ़ी), पत्रकार देवेंद्र सिंह उर्फ देवा, प्रिंशू शुक्ल, सोनू शुक्ला, डॉ. वारिश, प्रभाशंकर, मुकेश विमल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रबंधक शिव प्रसाद की धर्मपत्नी विद्यावती जी, उनके भतीजे दीपक विमल, उनकी सुपुत्री, नाती एवं अनुज जगदीश प्रसाद सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी—श्रवण कुमार, कुलदीप मोहन त्रिवेदी, प्रदीप चन्द्र, कृष्ण गोपाल द्विवेदी, कमल, कु. दिव्या, कु. अंजली, वरिष्ठ लिपिक राकेश कुमार अवस्थी, आशा विमल, शिवकुमार, राजकुमार उर्फ वकील, रामसहारे, अनिल व अन्य सहयोगियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरणादायक बताया।
