गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर में लगभग ₹250 करोड़ की लागत से नवनिर्मित दो महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें बरगदवा चौराहे से जेल रोड पर नकहा जंगल–मानीराम रेलवे स्टेशनों के मध्य निर्मित 4-लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) तथा बरगदवा–कौवाबाग जेल बाईपास के 4-लेन मार्ग पर स्थित खजांची चौराहे का फ्लाईओवर शामिल है।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार के तहत विकास अब किसी एक जनपद या परिवार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समग्र प्रदेश को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत कर आमजन के जीवन को सुगम बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने से गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर यातायात व्यवस्था अत्यंत सुगम हो जाएगी और आसपास के क्षेत्रों की लगभग 15 लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल जाम की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि आवागमन में समय की भी बचत होगी।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को इन परियोजनाओं से विशेष सुविधा प्राप्त होगी। एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही तेज और सुरक्षित होगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार होगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए, ताकि जनता को उनका वास्तविक लाभ मिल सके। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
