उन्नाव। जनपद में प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी कड़ी में सदर तहसील क्षेत्र की मगरवारा ग्राम पंचायत अंतर्गत दयाल खेड़ा गांव में वर्षों से चले आ रहे अवैध निर्माण पर सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई।
ग्राम पंचायत दयाल खेड़ा के गाटा संख्या 606 व 607 की सरकारी भूमि पर मेवालाल पुत्र स्व. शिवनाथ द्वारा लंबे समय से अवैध रूप से मकान का निर्माण कराया जा रहा था। बताया गया कि प्रशासन और लेखपाल की ओर से पहले भी कई बार निर्माण कार्य रुकवाया गया था, लेकिन चेतावनियों को नजरअंदाज कर दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया।
लगातार नियमों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए तहसील प्रशासन ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
इस अचानक हुई सख्त कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं प्रशासन की इस पहल को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है कि अब सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से एक ओर जहां अवैध कब्जेदारों में डर का माहौल है, वहीं दूसरी ओर यह संदेश भी साफ हो गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं और सरकारी संपत्ति की रक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त है।
