कानपुर। शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य, जनसेवा के प्रति समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व की मिसाल बने कानपुर नगर के जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय को कानपुर देहात प्रेस क्लब द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उनके पद का, बल्कि उनके कर्म, सोच और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि श्री राय ने शिक्षा को केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी मानकर कार्य किया है। उनके नेतृत्व में शैक्षणिक वातावरण को नई दिशा मिली है, विद्यालयों में गुणवत्ता सुधार हुआ है और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। सरकारी मानकों के अनुरूप पारदर्शी कार्यप्रणाली और नवाचारों के माध्यम से उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार किया है।
कानपुर देहात प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि आज जब शिक्षा व्यवस्था चुनौतियों से जूझ रही है, ऐसे समय में श्री संतोष कुमार राय जैसे अधिकारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता सराहनीय है।
इस अवसर पर कानपुर देहात प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री एडवोकेट योगेंद्र अग्निहोत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के.एम. श्रीवास्तव, विजय कुशवाहा, अभिषेक चौधरी, उदयवीर सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने श्री राय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा जगत में उनके निरंतर योगदान की प्रशंसा की।
