नालसा व सालसा के अधिकाधिक मामलों के निस्तारण के निर्देश : वंदना सिंह
इंद्रराज राजपूत | बाराबंकी
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद बाराबंकी में राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 2.0 एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय के विश्राम कक्ष में एक महत्वपूर्ण विचार-विमर्श बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता श्रीमती वंदना सिंह (प्रथम) ने की, जबकि बैठक का संचालन श्रीमती शिवानी रावत, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव (पूर्णकालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी द्वारा किया गया।
बैठक में राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 2.0 एवं राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए नालसा (NALSA) एवं सालसा (SALSA) की गाइडलाइंस के अनुसार अधिक से अधिक मामलों के चिन्हांकन एवं त्वरित निस्तारण पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान श्रीमती अल्पना सक्सेना, पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण भी उपस्थित रहीं।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि सुलह-समझौते योग्य वैवाहिक विवादों एवं मोटर दुर्घटना से संबंधित अधिकाधिक मामलों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित किया जाए, जिससे उनका शीघ्र एवं सरल निस्तारण लोक अदालत एवं मध्यस्थता के माध्यम से किया जा सके। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को न्याय प्रणाली के अंतर्गत त्वरित, सरल एवं किफायती न्याय उपलब्ध कराना है।
वहीं बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शिवानी रावत ने बताया कि प्राधिकरण का निरंतर प्रयास है कि अधिक से अधिक विवादों का समाधान सुलह, समझौते एवं मध्यस्थता जैसे वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र के माध्यम से किया जाए। इससे एक ओर न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम होगा, वहीं दूसरी ओर वादकारियों को शीघ्र न्याय प्राप्त हो सकेगा।
