मंदिर चोरी की घटनाओं का अनावरण, दो आरोपी गिरफ्तार
4.769 किलो चोरी की चांदी, नकदी और औजार बरामद
बाराबंकी। जनपद में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं मामलों के शीघ्र अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बाराबंकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट, सर्विलांस और थाना हैदरगढ़ की संयुक्त पुलिस टीम ने मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की गई 4 किलो 769 ग्राम चांदी, 7 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त कटर और प्लास बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई थाना हैदरगढ़ में पंजीकृत मु0अ0सं0 40/2026 धारा 305(d) बीएनएस से संबंधित है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त वीरेन्द्र कुमार शातिर किस्म का चोर है, जो पहले मंदिरों की रेकी करता था और फिर रात्रि में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के दौरान प्राप्त चांदी और अन्य कीमती सामान को वह देवीगंज क्षेत्र में स्थित ज्वैलर्स की दुकान पर सस्ते दामों में बेच देता था, जहां अभियुक्त जय विश्वकर्मा खरीदार के रूप में सामने आया है।
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त द्वारा 03/04 फरवरी 2026 की रात्रि थाना हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित अवसानेश्वर मंदिर से चांदी का छत्र और अरघा चोरी किया गया था। इसके अलावा 04/05 जनवरी 2026 की रात्रि थाना असन्द्रा क्षेत्र के ग्राम जरौली स्थित हनुमान मंदिर से दो चांदी के मुकुट तथा 30/31 जनवरी 2026 की रात्रि थाना रामसनेहीघाट क्षेत्र स्थित रामसनेही बाबा मंदिर से इन्वर्टर, सीसीटीवी डीवीआर, एलईडी टीवी और कैमरे चोरी किए गए थे। इन सभी घटनाओं के संबंध में संबंधित थानों में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से गलाया हुआ चांदी का छत्र 579 ग्राम, अरघा की चांदी 4.19 किलोग्राम, 7 हजार रुपये नकद तथा एक कटर और एक प्लास बरामद किया है। अभियुक्त वीरेन्द्र कुमार के विरुद्ध बाराबंकी और लखनऊ जनपदों में चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
इस पूरी कार्रवाई में स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और थाना हैदरगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
