उन्नाव। बीघापुर शिक्षा क्षेत्र के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार परिषदीय विद्यालयों में संचालित तिथिभोज कार्यक्रम के तहत गुरुवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय पिथईखेड़ा में तिथिभोज का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्वास्थ्यवर्धक एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना तथा विद्यालय और समाज के बीच आपसी समन्वय को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम के संयोजक सहायक शिक्षक जितेंद्र सिंह चंदेल ने बताया कि तिथिभोज का आयोजन वरिष्ठ ग्रामवासी शिव कुमार वर्मा एवं शैलेंद्र पटेल के सहयोग से संपन्न हुआ। उनके सौजन्य से विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को संतुलित एवं पोषक आहार उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी बीघापुर शुचि गुप्ता ने आयोजनकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ग्रामवासियों से अपील की कि वे बच्चों को प्रतिदिन नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि तिथिभोज जैसे कार्यक्रम विद्यालय और समाज के बीच सहयोग को मजबूत करते हैं तथा बच्चों में विद्यालय के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करते हैं।
वहीं एआरपी दुर्गेश शुक्ला ने कहा कि तिथिभोज कार्यक्रम बच्चों में उत्साह, सहभागिता और सीखने के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ पौष्टिक भोजन ग्रहण किया। इस मौके पर महेंद्र सिंह, संजीव कुमार मिश्र, संदीप शुक्ला, पंकज दीक्षित, गणेश शंकर गुप्ता, अनिल कुमार, उमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
