उन्नाव | 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उन्नाव में जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों व केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक की। डीएम ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा नकलविहीन, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से कराई जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रों पर अनिवार्य व्यवस्थाएं
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी 122 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश, फर्नीचर और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा प्रारंभ से समाप्ति तक की पूरी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए। बिजली बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर जनरेटर अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे।
संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर पैनी नजर रखने और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं को डबल लॉक में सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। परीक्षा केंद्रों पर फोटोग्राफी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी और परीक्षार्थियों को मोबाइल या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा से पहले निरीक्षण अनिवार्य
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा शुरू होने से पूर्व सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर लें। यदि कोई कमी हो तो समय रहते उसे दूर किया जाए।
18 दिनों में पूरी होगी परीक्षा
जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त के अनुसार, परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक कुल 18 दिवसों में आयोजित होगी। जनपद में 122 केंद्र बनाए गए हैं। 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 122 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। हाईस्कूल में 39,165 और इंटरमीडिएट में 32,711 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हाईस्कूल परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और इंटरमीडिएट परीक्षा दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
