कानपुर। कानपुर देहात प्रेस क्लब की ओर से आयोजित एक गरिमामय समारोह में रमेश अवस्थी को ‘पर्यावरण योद्धा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, वृक्षारोपण अभियानों में सक्रिय भूमिका और पर्यावरण रक्षा के लिए जनजागरण के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, अंधाधुंध वनों की कटाई और प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। शहरीकरण और औद्योगिक कचरे के कारण नदियां और वायु प्रदूषित हो रही हैं, जिससे ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सभी लोग सामूहिक प्रयास करते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं, प्लास्टिक का उपयोग कम करें और कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने कहा कि कानपुर देहात प्रेस क्लब पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर वृक्षारोपण अभियान चला रहा है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। क्लब के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों और समाज के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक परिणाम सामने आएंगे।
कार्यक्रम में महामंत्री एडवोकेट योगेंद्र अग्निहोत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट अतुल निगम, के. एम. श्रीवास्तव, विजय कुशवाहा, अभिषेक चौधरी, बृजेश सिंह, उदयवीर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ किया गया।
