उन्नाव। भगवन्तनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित दो विद्यालयों—पीएस विभौरा चंदनपुर और SSRB पब्लिक स्कूल सेढूपुर—के वार्षिकोत्सव/दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि आज वह जिस स्थान पर हैं, वह केवल शिक्षा के बल पर संभव हुआ है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की कंजूसी न करें। यदि जरूरत पड़े तो एक वक्त का भोजन कम कर लें, लेकिन बच्चों की शिक्षा में कमी न आने दें, क्योंकि शिक्षित बेटा-बेटी ही समाज को सुंदर और मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय विभौरा चंदनपुर में बच्चों के शिक्षण कार्य को सुचारु बनाने के लिए इनवर्टर लगवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या के कारण पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए और विद्यालय में बेहतर शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करना सबकी जिम्मेदारी है। जहां कहीं भी शिक्षा के क्षेत्र में किसी प्रकार की दिक्कत हो, लोग सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं, वे हर संभव सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व आईएएस अनुराग पटेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ओमप्रकाश यादव, जिला पंचायत सदस्य ब्रजभूषण, रोहित बैदरा, ओमकार, शाजिमा, राखी, ब्रजेश पाण्डेय, अभिषेक मिश्रा, आर.के. सिंह (मामाजी), पंकज बाबा सहित सैकड़ों गणमान्य लोग एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया।
