
बिछिया (उन्नाव)। शनिवार को विकास खंड बिछिया के ग्राम बदलीखेड़ा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। मेले में कुल 383 पशुओं का परीक्षण एवं उपचार किया गया। इस दौरान पशुपालकों को रोग नियंत्रण, पशुधन बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और लाइवस्टॉक मिशन जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान उमेश यादव ने दीप प्रज्वलन कर किया। मेले में पशु चिकित्साधिकारी बिछिया डॉ. मनीष अवस्थी, पशु चिकित्साधिकारी सैनिक डॉ. मुकेश, और पशुधन प्रसार प्रभारी आशीष ने पशुपालकों को मौसमी बीमारियों से पशुओं की सुरक्षा के उपाय बताए।डॉ. मनीष अवस्थी ने कहा कि मौसम में बदलाव के कारण गला घोटू, बुखार, खुरपका-मुंहपका (एफएमडी), लंपी और पेट के संक्रमण जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। उन्होंने नियमित टीकाकरण और स्वच्छ चारे के उपयोग की सलाह दी। साथ ही सेक्स-सॉर्टेड सीमेन तकनीक के माध्यम से बेहतर नस्ल के पशु तैयार कर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।मेले में दिनेश प्रताप सिंह, सौरभ, जगदीश प्रसाद वर्मा, संजय कुमार यादव, अनुराग सिंह, चंद्रेश कुमार सहित क्षेत्र के कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
