गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का शुभारंभ करते हुए प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधे लगाने के महाअभियान का आगाज किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास वाटिका की स्थापना की तथा वन विभाग के तत्वावधान में तैयार वानिकी आधारित कैलेंडर का विमोचन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को पौधों का वितरण किया गया। कार्बन क्रेडिट योजना के अंतर्गत किसानों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, वहीं वनाच्छादन बढ़ाने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानस्वरूप चेक भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर ‘पवित्र त्रिवेणी’ के पौधे तथा रामगढ़ ताल रिंग रोड पर ‘मौलश्री’ का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी नींव हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को हर परिवार और हर नागरिक से जोड़ने का भी आह्वान किया।
प्रदेश सरकार का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास, जैव विविधता के संवर्धन और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
